Monday, September 21, 2026

जीवन के अखाडे में एक कुशल मल्लयोद्धा: परिस्थितियों के पैतरों से बचाव की कला और चातुर्य

जीवन एक अखाड़े की तरह ही है, जहाँ हम अक्सर अपनी परिस्थितियों से जूझ रहे होते हैं। रिश्तों की जटिलतायें, पारस्परिक संवाद की कमी और असहजता, अकेलेपन का अवसाद हमारे जीवन में सामने एक ऐसे पैंतरेबाज प्रतिद्वंदी पहलवान की भांति होता है जो हमें गिराने, हमें चित करने की निरंतर कोशिश कर रहा है। जब ये परेशानियां और चुनौतियां उम्र और समय के साथ बढ़ती जाती हैं, तो हम घबरा जाते हैं। लेकिन जीने का सही तरीका, कला यही है कि जैसे एक चतुर पहलवान खुद को , विशेषकर अपनी कमर को, अपने प्रतिद्वंदी की पकड़ में नहीं आने देता, उसी प्रकार हमें भी अपनी समझदारी से दुनिया, नाते-रिश्तों के भ्रमों जंजालों से अपनी दिमागी शांति और स्थिरता को बचाकर रखना होता है।
एक शांत और निश्चिंत जिंदगी जीने का मतलब और विकल्प दुनिया से, रिश्तों-नातों से पलायन और उनकी उपेक्षा करना कतई नहीं है, बल्कि हमें सिर्फ इनसे निपटने, मैनेज करने के अपने तरीके को बदलना है। देखें तो नीचे दिए गए तीन मनोवैज्ञानिक तरीके , हमें निश्चय ही इसमें उपयोगी , मानसिक तनाव से बचाने और खुद को अंदर से मजबूत बना सकने में सहायता कर सकते हैं।

1. अकेलेपन से खुद को बचाना
कुश्ती में अगर विरोधी आपकी कमर पकड़ ले, तो वह आपको अपनी मर्जी से आप पर काबू और चित कर सकता है। हमारे जीवन में भी हमारा मानसिक शक्ति और आत्म -सम्मान हमारी कमर की तरह ही है, जिसपर दूसरे का काबू होने से हम लाचार और दुखी अनुभव करने लगते हैं। हमारा सबसे बड़ा भ्रम यह है कि हम खुद को अधूरा ( incomplete) मानते हैं और सोचते हैं कि कोई रिश्ता या बाहरी इंसान आकर हमें पूरा(complete) करेगा।

जब हम अपना खालीपन भरने के लिए दूसरों पर निर्भर हो जाते हैं, तो हम अपने जीवन का रिमोट कंट्रोल उनके हाथ में दे देते हैं। खुद को बचाने का मतलब है अकेलेपन (Loneliness) को एकांत (Solitude) में बदलना। अकेलापन एक दुखदायी खालीपन है, जबकि एकांत खुद के साथ खुश रहने का एक सुंदर अहसास है। जब हम अपने मूल्यों, अपने शौक( hobbies, passion) और खुद का ख्याल रखने लगते हैं, तो हमारी नींव मजबूत हो जाती है। तब हमें समझ आता है कि हम अपने आप में पूर्ण हैं। इसके बाद बाहरी उपक्रम, हमारे रिश्ते-नाते हमें अपने किसी खालीपन को भरने की मजबूरी नहीं, बल्कि अपनी खुशी को दूसरों के साथ बांटने, साझा करने का जरिया बन जाते हैं।

2. उम्मीदों के बोझ को कम करना
अधूरी उम्मीदें ही हमें सबसे ज्यादा दुखी करती हैं। हम अक्सर मन ही मन यह तय कर लेते हैं कि हमारे पार्टनर, दोस्तों या परिवार को हमारे साथ कैसा बर्ताव करना चाहिए। जब वे हमारी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरते, तो हमें गुस्सा, दुख और निराशा होती है।
समझदारी इसी में है कि हम यह स्वीकार करें कि कोई भी इंसान अपनी समझ और क्षमता के हिसाब से ही हमारी उम्मीदें पूरी कर सकता है। दुखों से बचने का एक ही रास्ता है - लोगों को वैसे ही स्वीकार करना जैसे वे हैं। जब हम दूसरों को बदलने की जिद छोड़ देते हैं, तो परिस्थितियां हमें दुखी नहीं कर पातीं। अब हम दुनिया से वह मांगना बंद कर देते हैं, जो हमें खुद को ही देने की काबीलियत है।

3. संवादहीनता और अनावश्यक बहस-विवाद से बचना
जब कोई गलतफहमी होती है, तो हमारी आदत होती है कि हम भी पलटकर पूरी ताकत से बहस करने लगते हैं। इससे दूरियां और बढ़ जाती हैं। एक समझदार पहलवान कभी ताकत का जवाब ताकत से नहीं देता; वह थोड़े चतुराई से अपना पैंतरा बदलता है और सामने वाले की ही ताकत और मूवमेंट का इस्तेमाल करके ही उसे नाकाम और उल्टे चित कर देता है।

जब बातचीत बिगड़ने लगे, तो सबसे अच्छा तरीका है कि आप थोड़ी देर के लिए रुक जाएं। सामने वाले को अपनी बात समझाने के लिए जिद मत करिए, बल्कि मानसिक रूप से थोड़ा पीछे हट जाइए। बिना अपसेट हुये शांतिपूर्वक अपनी बात और अपनी सीमाएं साफ शब्दों में कहिए और इस बात की चिंता छोड़ दीजिए कि सामने वाले की प्रतिक्रिया क्या होगी। यह तात्कालिक दूरी आपको बेवजह के मानसिक तनाव से बचाएगी।

वेआउट: शांत मन की कला: जिंदगी की धींगामुस्ती तो लगातार चलते ही रहनी है, और यह संसार, बाहरी परिर्थितियां, रिश्तों-नातों की जटिलतायें व उलझनें हमारे मन की शांति में निरंतर व्यवधान देते ही रहेंगे। लेकिन, हमारे मन की अशांति का कारण यह निरंतर चल रही जीवन की कुश्ती, वाह्य परिस्थितियां और इसके मुकाबले की वजह से नहीं होती, बल्कि इसका कारण, और इनका समाधान भी, तो हमारे स्वयं के अंदर है । यदि हम इन चुनौतियों को अपने ऊपर हावी होने देते हैं,उनसे खुद को दबाने देते हैं तो हमें दुख निराशा और अवसाद झेलना पडता है। वही यदि हम अपनी समझदारी से इस कुचक्र और भ्रम को पहचानते, दूसरों से उम्मीदें कम रखकर, और अपने मन की शांति को हर हाल में बचाकर रख पाते हैं, तो हम इस कुचक्र से बच पाते हैं, यही जिंदगी जीने का सही तरीका, कला कह सकते हैं। तब हम अखाडे के उस चतुर और कुशल मल्लयोद्धा की तरह बन जाते हैं जो हर परिस्थिति का सामना समझदारी और चतुराई से करता है—सबके साथ जुड़कर और सबसे प्यार करते हुए भी, अंदर से पूरी तरह आज़ाद, मुक्तमन रहता है।

No comments:

Post a Comment