Showing posts with label राजनीतिक गुंडागर्दी. Show all posts
Showing posts with label राजनीतिक गुंडागर्दी. Show all posts

Sunday, July 12, 2015

हिम्मते मर्दां मददे खुदा -अमिताभ ठाकुर की हिम्मत और जज्बा को नमन

अमिताभ ठाकुर जी की हिम्मत सराहनीय है, वे सच्चे व जुझारू अधिकारी हैं, मुलायम सिंह, उनके परिवार व दबंग साथी या प्रायः राजनीतिक नेताओं द्वारा सरकारी कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार तो आम बात रही है, जिसे प्रायः अधिकारी अपनी नियति समझ चुप लगाये स्वीकार कर लेते हैं,  किंतु अमिताभ द्वारा सत्तारूढ़ राजनीतिक दल के मुखिया के दुर्व्यवहार को सबके सामना लाना और फिर उसकी पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराना बड़े हिम्मत और साहस का काम है, इसके लिए अमिताभ को नमन और बधाई।

अमिताभ ठाकुर बिहार के मुजफ्फरपुर के मूल निवासी हैं, इनके पिता जी बोकारो स्टील प्लांट में कर्मचारी थे। अमिताभ और इनके छोटे भाई अविनाश ठाकुर जो बिहार कैडर में आई ए यस हैं, और आई ए यस सर्विस ज्वॉइन करने के पहले हमारे साथ भारतीय रेल सेवा में ट्रेनिंग कर रहे थे, दोनों आई आई टी कानपुर से  इंजीनियरिंग में ग्रैजुएशन किये हैं। अमिताभ से मेरी मुलाकात 1995 में गोरखपुर की है जब वे वहां ए यस पी थे।

कल ही किसी द्वारा फेसबुक पर पोस्ट की गई एक वीडियो क्लिप देख रहा था जिसमें लालू यादव और राबड़ी देवी पिछले साल लोकसभा चुनाव के दौरान उनकी कार की चेकिंग से नाराज होकर अधिकारियों के साथ ऐसी बदतमीजी और अभद्रता से बात कर रहे थे जिसकी कल्पना भी नहीं कर सकते, लालू यादव अधिकारी को कुत्ता कह रहे थे, मगर यह सब जानते हुए भी प्रशासन और पुलिस खामोश रहती है क्योंकि प्रायः अधिकारी और पुलिस नेताओं और उनके क्रिमिनल गुर्गों से डरते हैं या कई बार नेताओं के साथ स्वयं उनके कुकृत्यों में शामिल और गठजोड़ मे रहते हैं, अतः प्रायः सरकारी अधिकारी और कर्मचारी इन दबंग और गुंडे नेताओं की चाटुकारिता और उनके द्वारा किसी प्रकार की बेइज्जती, अपमान और हिंसा को बर्दाश्त कर लेने में ही अपनी सुरक्षा और भलाई समझते हैं।

यह हमारे देश में लचर प्रशासन, कमजोर और बिकी हुई भ्रष्ट पुलिस और निष्क्रिय न्यायतंत्र का नतीजा है, जहां समाज में गुंडे और अराजक लोग पूरे सिस्टम पर हाबी हैं, और उन्हें न पुलिस का डर न कोर्ट का, और अंततः वही लोग अपने मसलपावर और पैसे के दम पर नेता बनते हैं, चुनाव जीतते हैं और फिर सत्ता में बैठकर पूरे सिस्टम के साथ बलात्कार करते हैं, सरकारी कर्मचारी और आम जनता उनके शोषण और अत्याचार को मूक बर्दाश्त करने के लिए असहाय छोड़ दी जाती है, जैसे भेड़ियों के सामने लाचार मेमने।