Showing posts with label शांति. Show all posts
Showing posts with label शांति. Show all posts

Tuesday, October 30, 2012

हैं दुनियाभर के रंजोगम,फिर भी मुस्कराते रहें।


कितना गम
और 
कितनी खुशी




परिवर्तन जीवन का अपरिहार्य नियम है।हमारा जो भी आज है वह कल कल में बदल जाता है व आने वाला कल एक नया आज लाता रहता है।आज जो हमारा अति प्रिय है,जिसको पाकर हम अति धन्य हैं,जिसके विछोह की कल्पना मात्र से हम अधीर हो सकते हैं,वहीं प्रियतम चीज कल हमसे निश्चय रूप से विलग हो जायेगी।जिन सुख-सुविधाओं के प्रति हमारा आग्रह है,जिनके बिना हम अपने सहज जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते,वहीं सुख-सुविधायें किसी न किसी कारण से हमसे दूर होंगी व हमें नये परिस्थितियों में इन सुख सुविधाओं से रहित जीवन जीना पड़ता है।

सबसे चुनौतीपूर्ण परिवर्तन का सामना तो हमें अपने जीवन में अपने शरीर व स्वास्थ्य को लेकर करना पड़ता है।नयी अवस्था,नया जोश,भरपूर ऊर्जा,लालित्य से भरा चेहरा व अंगप्रत्यंग ऐसा प्रतीत होता है मानों हमें पंख लगे हों,यूँ जैसे हम आसमान में उड़ रहे हो।फिर एक दिन अचानक जब एक व्यक्ति को जब यह पता चलता है कि जिस रूप-रंग-अंग लालित्य पर उसे बड़ा नाज है वह तेजी से क्षिण होने लगे हैं,चेहरा रूपहीन हो रहा है,दाँत टूट रहे है,बाल झड़ रहे हैं,चेहरे पर झुर्रियाँ आ रहीं हैं,घुटने जबाब दे रहे हैं,रक्तचाप बढ़ा हुआ है,और हृदय निरंतर कमजोर हो रहा है और किसी भी दिन इसकी गति अचानक रुक सकती हैं,गुर्दा लीवर जैसे प्रधान अंग लाचार और कमजोर हो रहे हैं और इस कारण शरीर की ऊर्जा व जोश निरंतर क्षिण हो रहा है।

निजी स्वास्थ्य की चुनौतियों के साथ-साथ इसी अवस्था में व्यक्ति के सामने पारिवारिक जिम्मेदारियों व सम्बंधों के स्तर पर भी अनेक चुनौतियाँ व जटिलतायें मुँह बा कर सामने खड़ी हो जाती हैं। अपने जीवनसाथी के स्वास्थ्य की समस्यायें,दाम्पत्यजीवन में अति घर्षण,बच्चों की शिक्षा-दिक्षा व उनका कैरियर,बुजुर्ग माता-पिता का दिनपरदिन बिगड़ता जा रहा स्वास्थ्य,नजदीकी नातों-रिश्तों की खटपट व उनसे संबंधित जिम्मेदारियों के निर्वहन का दायित्व,कुल मिलाकर कहें तो व्यक्ति अंदर और बाहर से,मन और शरीर से पूरा झकझोर दिया जाता है,यूँ प्रतीत होता है मानों अति ऊबड़-खाबड़ रास्ते पर लगातार दौड़ते जा रहे घोड़े को उसका सवार लगातार कोड़े मार रहा हो कि और तेज दौड़ो,तुम रुक नहीं सकते,तुम थम नहीं सकते,तुम साँस भी नहीं ले सकते।इस तरह व्यक्ति  बेहाल दौड़ता जाता है,जहाँ उसका मन और शरीर दोनों निरंतर घायल व लहूलुहान हो रहा है।कितने रंजोगम,कितनी अकुलाहट,कितनी बेचैनी,मानों दुष्चिंताओं व परेशानियों के गहरे स्याह बादल ही उसके जीवन में उतर आये हों और उसके जीवन का उजाला घटाघोप अँधेरे से ढक सा गया हो।

इन दुविधाओं व दुश्चिंताओं में फँसे विचारश्रृंखलाओं की उलझन में फँसे व्यक्ति के मन के गहरे अंतर्चेतन से भी कभी एक चिंतन की चमकती लकीर मन के सतह पर तैर जाती है।यह व्यक्ति से कुछ गहरे प्रश्न करती है- किस बात से तुम हो दुखी,क्या तुम्हे पता नहीं कि तुम्हारा पूरा जीवनघटनाक्रम एक निरंतर चलचित्र है।जिसको तुम अपना निजी समझते हुये उसपर अधिकार जताते फिरते हो,उसके हमेशा पास रहने का मोह जताते हो, वह वास्तव में कभी तुम्हारा था ही नहीं। जिनको तुम परेशानी,कष्ट,दुख समझते हो और उनसे हमेशा आँख-बचाते, भागते फिरते हो ,उन्ही की माला अंतत: जिंदगी तुम्हारे गले में एक दिन डालेगी और तुम बिना कुछ कर पाने की स्थिति में इन्हीं अवांछित चीजों व परिस्थितियों के साथ जीने को मजबूर होगे।फिर किस चीज पर अधिकार जताना व किस चीज से आँख बचाना।समझो तो सबकुछ तुम्हारा ही है,और ज्यादा समझना चाहते हो तो तुम्हारा तो कुछ भी नहीं है।फिर किसके पास होने का हर्ष और किसके खोने का गम। 

वैसे भी इन सारे तथाकथित दुखों-मुसीबतों के बीच भी यदि व्यक्ति शांत,संयत और स्मितमय बना रहे तो प्राय: संभव कि कल फिर जीवन में आने वाले नये उजालों व खुशियों को वह फिर से पहचान पाये व आनंदित हो सके वरना तो हमेशा दुखी स्वभाव रखने से व्यक्ति को जीवन में अँधेरे का इतना अभ्यास हो जायेगा कि तुम कल के उजाले को भी नहीं सहन कर सकेगा।

इसलिये यह जीवन-चलचित्र हमारे सामने सुख लाता है अथवा दुख,प्रिय लाता है अथवा अप्रिय,हमें सदैव शांत व प्रसन्न रहना है, अक्ष्क्षुण शांति व चिर आनंद ही हमें हमारा स्वभाव बनाना होगा।

जीवन दे चाहे दुनियाभर के रंजोगम हमें फिर भी हम मुस्कराते रहें।

Friday, October 26, 2012

मन विहग क्यों हो विकल !



मन अशांत रहता है,चिंता करता है,विषाद करता है,क्रोध करता है, ईर्ष्या करता है,पश्चाताप् करता है,घृणा करता है,इसकी उद्ग्वीनता व विकलता के न जाने कितने आयाम हैं!

भौतिक व रसायन विज्ञान के कोर्स में पढ़ा था कि चाहे परमाणु हो अथवा कि कोई पिंड, उनकी शांत व संतुलित अवस्था उसकी अंतर्निहित ऊर्जा की पूर्णता की अवस्था में ही होती है,जब तक वह पूर्णता की अवस्था प्राप्त कर नहीं लेता,उसकी अस्थिरता व व्यग्रता बनी रहती है, व वह अनेक क्रियाओं,प्रतिक्रियाओं,गति,टकराव,खंडन,विखंडन, संघर्षण,आवेषण,संग्रह,विग्रह जैसी अनेकों भौतिक व रासायनिक क्रियाओं व प्रतिक्रियाओं से गुजरता रहता है।जैसे ही वह अपनी अंतर्निहित ऊर्जा की पूर्ण अवस्था प्राप्त कर लेता है,उसका सारा आवेग समाप्त हो जाता है,और शांत,संतुलित,स्थिर होकर स्थाइत्व की चिर-अवस्था में स्थापित हो जाता है।

इससे तो यही निष्कर्ष निकलता है कि चाहे एक सूक्ष्म परमाणु हो अथवा छोटा-बड़ा पिंड या पदार्थ,उसकी अंतर्निहित अपूर्णता ही उसके द्वारा किसी प्रकार की क्रिया-प्रतिक्रिया अथवा किसी आवेग-संवेग के व्यवहार का कारण होती है।

विचार करता हूँ तो अनुभव होता है कि यहीं पूर्णता का सिद्धांत हमारे मन के साथ भी लागू होता है।मन हमारा अपूर्ण व अतृप्त है,इसीलिये इतना क्षुब्ध,अशांत व अस्थिर है,हर छोटी बड़ी बात पर आंदोलित व उद्वेगित होता रहता है,क्रिया-प्रतिक्रियाओं के मकड़जाल में उलझा सा रहता है।

इतना ही नहीं,मन विचारों का जनक व प्रधान नियंत्रक होने के कारण, यह हमारे अंदर अनेकों नकारात्मक, अशुभ,अहितकर,  विचारों को जन्म देता है, जो न सिर्फ स्वयं का बल्कि अपने प्रभाव व व्यवहार क्षेत्र में आने वाले हर व्यक्ति के विचारों व कार्य-व्यवहार को प्रभावित करते हैं।यह तथ्य तो हमारे निजी अनुभव से ही सिद्ध हो जाता है कि एक अशांत व्यक्ति के संगत में हम स्वयं कितने अशांत हो जाते हैं,जबकि एक शांत व स्थिरचित्त व्यक्ति के संसर्ग व सत्संग में हमें कितनी शांति,स्थाइत्व व  आनंद का अनुभव होता है।

अब एक मौलिक प्रश्न उठता है कि आखिर हमारा मन इतना अपूर्ण,व नतीजतन अशांत, क्यों है, व इसकी पूर्णता व स्थाई शांति की प्राप्ति का उपाय क्या है? चूँकि यह प्रश्न मनोविज्ञान व आध्यात्म क्षेत्र से मुख्य सरोकार रखता है,और मेरा इस क्षेत्र में कोई औपचारिक ज्ञान नहीं है,अतः इस प्रश्न के उत्तर देने की मुझमें सहज योग्यता नहीं हैं,शायद पाठक स्वयं ही इस प्रश्न का उत्तर मुझसे बेहतर समझते हों।

किंतु व्यक्तिगत अनुभव व स्वाध्याय के माध्यम से जो थोड़ा बहुत इस विषय में समझ पाया हूँ उसके आधार पर तो मेरा तो यही विचार है कि हमारे मन की अपूर्णता का कारण है हमारा स्वयं के प्रति ही अपूर्णता का दृष्टिकोण।हमारा स्वयं के प्रति अहंभाव,एकांगीभाव, कि समष्टि से अलग  हमारा निजी अस्तित्व है, का दृष्टिकोण हमें पूर्ण से अलग व इसप्रकार हमें अपूर्ण व अस्थिर बना देता है।

सत्य तो यह है कि हम स्वयं ही समष्टि हैं और इस सत्य की पुष्टि ईशावाष्य उपनिषद् के निम्न शांति मंत्र से होती है-

ऊँ पूर्णमद:पूर्णमिदं पूर्णात् पूर्णमुदच्यते।
पूर्णस्य पूर्णमादाय पूर्णमेवावशिष्यते।।

अर्थात् वह ( आत्मा अथवा परमात्मा) पूर्ण(अनंत) है,और यह (जगत्) भी पूर्ण है, और यह पूर्ण उसी पूर्ण से व्युत्पत्त है। इसलिये इस पूर्ण से पूर्ण निकाल लेने पर भी वह पूर्ण मात्र ही बचता है।

इस सत्य के विपरीत जब हम विभेद में जीते है,अपने-पराये की अतिरेक भावना व आग्रह में रहते हैं,तो हमारी अंतर्निहित ऊर्जा अपूर्ण हो जाती है, व इस प्रकार इस अपूर्णता की स्थिति में हमारा मन व चित्तवृत्तियाँ अनेक प्रकार के आवेश,उद्वेग,चिंता-विकलता के आरोह-अवरोह में गिरते-उठते रहते हैं।

यह सिद्धांत के स्तर पर सोचना व तर्क करना तो सहज है किंतु वास्तविक आचरण के स्तर पर अनुपालन उतना सहज नहीं, बल्कि अति कठिन ही है।किंतु इतना तो स्पष्ट होता है कि हमारी सुख-शांति,शारीरिक अथवा मानसिक,मन की शांति व स्थिरता पर ही निर्भर है,और जैसा ऊपर चर्चा हुई,मन की शांति व स्थिरता उसकी पूर्णता की अवस्था में स्थापित होती है।

अतः अपने स्वयं के सुख-शांति की खातिर हमें स्वयं के प्रति अहंभाव,एकांगीभाव का त्याग करके समष्टि में ही, सबके अस्तित्व में ही अपना स्वयं का भी अस्तित्व होने के दृष्टिकोण के साथ जीना सीखना होगा, वरना तो यह मन विकल पक्षी बन भटकता रहेगा व नतीजतन हमारी सुख-शांति भी हमसे दूर ही रह जायेगी।  

Friday, July 13, 2012

क्या यही उत्सर्ग है?



धारणा है दृश्य इतना बन चुका
कि सत्य ही है बनगया अदृश्य है।
तलाशते थे प्रश्न जिनको युगयुगों से,
बन गये उत्तर वहीं अब पृक्ष्य हैं।1।

भाव जो अभिव्यक्त थे अतिमुखर होकर,
शब्द एकांगी बने और अर्थ उनके मौन हैं।
कल बुलंदी पर चढ़ी जिनकी जवानी
आज  बनते वे कहीं छिन्नमय अबशेष हैं ।2।

निज करों से प्रकृति का , है मनुज  संहार करता,
करते धरा की माँग उजड़ी क्या यही उत्सर्ग है?
विभाज्य अनदेखा हुआ बस भाग्यफल की फिक्र है,
इस विभाजन के अनंतर क्या बचा अवशेष है ?3।

अमृत कलस मिल बाँट पीते देव-दानव हिलमिले।
होता रहा है धरा का बस गरल से अभिषेक है।
आइने में ढूढ़ता था वजूद दिखता हमशक्ल सा,
समझता था जिसे अपना वह अक्स भी अब गैर है।4।

हवा भी खामोश दिखती,शांत सब तरुवर खड़े,
खग दिखे विचलित, क्या यह तूफान का संदेश है?
मित्र उनको समझते  हम शांति-पद रचते रहे ,
लूटे गये अनजान रहते कि युद्ध का छलभेष है।5।

Friday, June 8, 2012

सत्य और धारणा



बहुत प्रचलित कहावत है- किसी ने कहा कौआ कान ले गया और लगे कौआ के पीछे भागने,एक बार अपना कान भी तो खुद जाँच लिये होते ।धारणायें इसी स्वभाव की होती हैं, इन धारणाओं को लेकर हम जीवन भर कौए के पीछे भागते रहते हैं, एक बार भी सत्य व वस्तु-स्थिति की स्वयं जाँच भी नहीं करते।

सत्य से प्राय: परे व धारणाओं पर आधारित जीवन-यात्रा के कारण हमें अनगिनत मतभेदों,मनमुटाओं,प्रतिक्रियाओं व असहमतियों से गुजरना पड़ता है।यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि इस संसार में जनमानस के बीच व्याप्त अनगिनत झगड़ों,फसादों,संघर्षों व लड़ाइयों के मूल में प्राय: विभिन्न मनुष्यों , समुदायों की विभिन्न स्वस्थापित धारणायें ही हैं।

हम इन धारणाओं को अपने जीवन में विभिन्न संदर्भों में अपनाते हैं- धर्म आधारित धारणायें,आर्थिक- परिस्थितिजन्य  धारणायें,सामाजिक-ऊँच-नीच,जात-पात से संबंधित धारणायें इत्यादि। इन संदर्भों व संस्थागत आधार पर अपनायी हुई ये धारणायें इतनी बलवती व जड़वान होती हैं कि उनसे बाहर निकलना तो दूर इन धारणाओं पर कोई भी तथ्यपूर्ण तर्क-वितर्क अथवा परिचर्चा भी इन धारणाओं के आधारभूत व पोषक संस्थाओं को अस्वीकार्य होता है व वे इन तर्कों व परिचर्चाओं के दमन हेतु किसी भी तरह के आक्रमण व हिंसा को अपना सकते हैं।पिछले कई सदियों के इतिहास का यदि हम अध्ययन करते हैं तो यह स्पष्ट हो जाता है कि इन धारणाओं व अहं के आग्रह व बचाव हेतु व इनके विरोधियों के दमन हेतु विश्व में कितने ही नरसंहार व नृशंस खून-खराबे हुये हैं ।
धारणायें प्रायः सत्य से नितांत परे होती हैं। सत्य बहुआयामी होता है परंतु धारणायें एकआयामी। सत्य उदार होता है किंतु धारणायें आग्रही। सत्य समय की गतिशीलता व समष्टि के बहुआयामी स्वरूप का पूरकस्वरूप निरंतर निरूपित व नवपरिभाषित होता रहता है किंतु धारणायें मन के अहंकार में उपजती व भावना व उद्वेग से पोषित एकनिष्ठ,जड़ व हठवादितापूर्ण होती हैं।

सत्य रूपी सूर्यप्रकाश को जब धारणा रूपी बादल ढक लेते हैं तो प्राय: हम सत्य का आभाष व अनुभव भी नहीं कर पाते व प्रकाश की अनुपस्थिति को ही भ्रमवश सत्य समझने लगते हैं।यहाँ तक कि यदि कोई सत्य की ओर ध्यान इंगित भी कराना चहता है तो उसे द्रोह - धर्मद्रोह,समाजद्रोह, राज्यद्रोह, या देशद्रोह की संज्ञा दी जाती है और इसे जघन्य व अक्षम्य अपराध समझा जाता है। इतिहास साक्षी है कि सत्य कहने वाले अनेकों महापुरुषों को कठोर मृत्युदंड अथवा निश्रंस हत्या का भागी बनना पड़ा क्योंकि उनके विचार व कश्रन कुछ वर्गों के स्थापित व्यवस्था व धारणाओं के सर्वथा विपरीत थीं।जीसस क्राइस्ट,सुकरात,अब्राहम लिंकन,मार्टिन लूदर किंग,महात्मा गाँधी और न जाने कितने जाने-अनजाने नाम इसके जीवंत उदाहरण हैं।

मनोवैज्ञानिक  विश्लेषण भी इस तथ्य की पुष्टि करते हैं कि प्राय: हमारी जो धारणा होती है वैसा ही हम देख पाते हैं और स्वाभाविक रूप से तदनुरूप ही हमारी प्रतिक्रिया व आचरण भी होता हैं।एक तरह से हमारी धारणायें हमारे स्वभाव में निरूपित हो जाती हैं व इनकी परिसीमा हमारा सहज-क्षेत्र (Comfort Zone) बन जाती है,जिनसे बाहर निकलना दुष्कर व कष्टदायी प्रतीत होता है। यही कारण है कि हम अपनी धारणाओं पर हुये किसी भी प्रहार को सहन नहीं कर पाते और उनका दमन करने हेतु किसी भी हद तक करते हैं।

किंतु सबसे महत्वपूर्ण तथ्य तो यह है कि जैसे सूर्यप्रकाश के आगमन होते ही घनघोर से घनघोर अंधकार भी तत्क्षण विनष्ट हो जाता है ,इसी प्रकार सत्य के अनुभव मात्र से ही हमारे जन्मजन्मांतरों की पोषित धारणायें एक क्षण में ही ध्वस्त हो जाती हैं। रत्नाकर (महर्षि बाल्मीकि) से लेकर अंगुलिमाल तक ऐसे अनेक जीवंत उदाहरण हैं जो इस तथ्य की पुष्टि करते हैं। हमारे स्वयं के जीवन के कई अनुभव,प्राय: विषमतापूर्ण अनुभव, हमें सत्य का साक्षात्कार कराते हैं, व इनसे हमारी आजन्म पोषित मन की विभिन्न धारणायें ध्वस्त होती रहती हैं , जिनके कारण हमारा अपने जीवन के प्रति दृष्टिकोण निरंतर परिवर्तित व नवपरिभाषित होता रहता है।कमोवेश स्वयं प्रकृति भी इस नैसर्गिक प्रक्रिया का पालन करते हुये निरंतर परिवर्तित व नवीनीकृत होती रहती है।

इस तरह जो सत्य है, वही मात्र धारणारहित है और अक्ष्क्षुण है।इसलिये कह सकते हैं कि महात्मा गाँधी का यह कथन परमसत्य की एक कसौटी है कि “केवल सत्य के अनुपालन से ही विश्व में अहिंसा व शांति की स्थापना संभव है।“